सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्रीय होली मेले में लगने वाली दुकानों के लिए मंगलवार को सुजानपुर मेला कमेटी ने खुली बोली लगाई। यह बोली सुजानपुर उपमंडलाधिकारी कार्यालय में हुई। खुली बोली लगाकर प्लॉटों का आवंटन किया गया। तहसीलदार अशोक पठानिया की अगुवाई में बोली लगाई गई। इस दौरान अलग-अलग पंक्तियों में मैप के माध्यम से प्लॉट बेचे गए। प्लॉट आवंटन की बोली तीन दिन तक चलेगी।
बोली के दौरान दुकानदारों की काफी भीड़ उमड़ी। बोली में भाग लेने के लिए दूरदराज क्षेत्रों से दुकानदार पहुंचे। भीड़ ज्यादा होने के कारण मेला कमेटी को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा। दुकानदारों को शांत करवाने के लिए पुलिस का सहारा लेना पड़ा। पुलिस के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से बोली आयोजित की गई। इस मौके पर मेले में दुकानदारी करने के लिए जो भी नियम बनाए गए हैं, उन नियमों के बारे में दुकानदारों को अवगत करवाया गया।