धनेटा में बनाया जाएगा भव्य बस अड्डा : अग्निहोत्री
एचआरटीसी के उपाध्यक्ष ने हमीरपुर बस अड्डे की भी मांगी रिपोर्ट
अग्निहोत्री ने विभिन्न अधिकारियों से बैठक कर दिए विकास कार्यों को जल्द करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम का उपाध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को विजय अग्निहोत्री ने खंड विकास कार्यालय परिसर में समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने समस्त विभागों के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों और अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट व जानकारी ली। उन्होंने समस्त अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। अग्निहोत्री ने कहा कि नादौन बस अड्डा के विस्तारीकरण के लिए शीघ्र ही प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। साथ ही धनेटा कस्बा में भव्य बस अड्डा बनाने की संभावनाओं की तलाश की जाएगी।
उन्होंने एचआरटीसी के उपस्थित अधिकारियों से हमीरपुर में प्रस्तावित नए बस अड्डे के बारे में भी विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए मामले की जानकारी हासिल की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस समय हमीरपुर में कुल 152 बसें हैं जो कि 182 रूटों पर चल रही हैं। जबकि, 40 चालकों और 40 परिचालकों की कमी चल रही है। अग्निहोत्री ने नादौन अस्पताल के बारे में भी विस्तृत जानकारी हासिल करते हुए नए भवन निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। नादौन कॉलेज मार्ग को भी शीघ्र पक्का करने को कहा। इससे पूर्व एसडीएम डीआर धीमान, तहसीलदार संजीव ठाकुर, बीडीओ तवेंद्र चिनौरिया सहित अन्य अधिकारियों ने विजय अग्निहोत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन विनोद पठानिया, अधिशाषी अभियंता विवेक शर्मा व हिमेश कुमार, डा. अशोक कौशल, राज कुमार धीमान, राजेश धीमान, एचआर जसवाल, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे।