सुजानपुर(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में नगर परिषद प्रशासन द्वारा चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। चेतावनी के बाद भी दुकानदारों द्वारा कस्बा की सड़कों पर साइन बोर्ड और सामान सजाया जा रहा है। नप प्रशासन की अतिक्रमण हटाओ मुहिम भी दम तोड़ रही है। प्रशासन द्वारा लगातार अतिक्रमण के ऊपर कार्रवाई न नहीं की जा रही है।
प्रशासन के निरीक्षण के दौरान दुकानदार सामान को सड़क पर से हटा लेते हैं और जब अधिकारी निरीक्षण कर वापस चले जाते हैं तो दुकानदार दोबारा सामान को सड़कों पर सजा देते हैं। कस्बा में सबसे ज्यादा अतिक्रमण नगर परिषद की दुकानों के किरायेदारों द्वारा किया जाता है। निर्देशों के बाद भी इन दुकानदारों पर कोई असर नहीं है। नप द्वारा लाखों रुपये खर्च कर सड़कों पर पेवर टाइलें बिछाईं गई हैं। अतिक्रमण के कारण सड़कों की सुंदरता को ग्रहण लग रहा है। वहीं यातायात भी बाधित हो रहा है। प्रशासन की अतिक्रमण हटाओ मुहिम मात्र औपचारिकता बनकर रह गई है। वाहनचालकों व राहगीरों ने प्रशासन से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। इस संबंध में नप अध्यक्ष रमन भटनागर का कहना है कि अतिक्रमण सहन नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा कस्बा का समय समय पर निरीक्षण किया जाता है।