हमीरपुर। बागवानी विभाग के बाद अब जिला के बागवान भी डिजिटल हो गए हैं। फलदार पौधों के लिए अधिकतर बागवान डिजिटल माध्यम से भुगतान कर रहे हैं।
कुल भुगतान में करीब 70 फीसदी बागवानों की ओर से स्कैनर के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है। बागवानी विभाग बागवानों को सर्द ऋतु में लगने वाले फलदार पौधों का वितरण कर रहा है। इन पौधों में कीवी, सेब, जापानी फल, सेब, खुमानी आदि शामिल हैं। विभाग ने 16 हजार फलदार पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा है। इसमें अब तक दस हजार फलदार पौधों का वितरण किया जा चुका है।
फलदार पौधों का वितरण 31 जनवरी तक जारी रहेगा। विभाग की ओर से पहली बार वितरण केंद्रों में बागवानों को डिजिटल भुगतान की सुविधा दी है। विभाग की ओर से कुछ पौधों को बरसात में वितरित किया जाता है, जबकि कुछ पौधों को शीत ऋतु में वितरित किया जाता है। फलदार पौधे बागवानी विभाग की नर्सरियों में तैयार किए गए हैं।
कोट
फलदार पौधों के लिए बागवान काफी उत्साह दिखा रहे हैं। अधिकतर बागवान स्कैनर के माध्यम से भुगतान कर रहे हैं। अब तक करीब दस हजार फलदार पौधों का वितरण किया जा चुका है। इस माह के अंत तक फलदार पौधे वितरण केंद्रों में मिलते रहेंगे।
-राजेश्वर परमार, उपनिदेशक, बागवानी विभागए हमीरपुर