राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज बडू मैदान में सोमवार से वन रक्षकों की भर्ती शुरू हो गई है। पहले दिन 503 युवाओं को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 306 युवाओं ने ही भर्ती में भाग लिया। ग्राउंड परीक्षण में 69 युवा ही पास हो पाए हैं।
भर्ती प्रक्रिया सुबह आठ से शुरू होकर देर शाम तक चल रही है। युवाओं को सबसे पहले 100 मीटर की बाधा को पार करना पड़ रहा है। उसके बाद चेस्ट व भारोतोलन की प्रक्रिया के बाद हाईजंप और आखिरी में 800 मीटर दौड़ की बाधा पार करनी पड़ रही है।
जो युवा सभी बाधाओं को पार करने में सफल हो रहे उन्हें लिखित परीक्षा से गुजरना होगा। फोरेस्ट गार्ड भर्ती में इस बार युवाओं को ग्राउंड परीक्षण के कोई भी नंबर नहीं मिलेंगे। इस बार ग्राउंड परीक्षण केवल क्वालिफाई के लिए ही रखा गया है।
वन विभाग के वन अरण्यपाल ओपी सोलंकी का कहना है कि भर्ती में 503 युवाओं को कॉल लेटर जारी किए थे। उनमें से 306 युवा ही मैदान में पहुंचे। ग्राउंड टेस्ट में 69 युवा ही पास हो पाए हैं जबकि 237 युवाओं को बाहर होना पड़ा।