कन्या स्कूल हमीरपुर का निर्माणाधीन साइंस भवन।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या हमीरपुर में निर्माणाधीन साइंस भवन के लिए प्रदेश सरकार ने बजट जारी कर दिया है। 66 लाख रुपये की किस्त जारी की है। बजट के अभाव में इस साइंस भवन का निर्माण कार्य पिछले छह साल से अधर में लटका हुआ है। चार मंजिला भवन की दीवारें खड़ी हो चुकी हैं। दीवारों पर प्लास्तर भी हो चुका है, लेकिन भवन की छत का कार्य न होने से बरसात के मौसम में दीवारों में सीलन आ रही है। इस वजह से भवन की दीवारें खराब हो रही हैं। कन्या स्कूल हमीरपुर में साइंस भवन की आधारशिला 15 अप्रैल 2015 को तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रखी थी।
शिलान्यास के बाद लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एक ठेकेदार को सौंपा। शुरू में तो स्वीकृत बजट की किस्तें आती रहीं, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद इस भवन के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि मुहैया नहीं हो पाई। निर्माण कार्य के दौरान विभाग को भेजे बिलों का भुगतान न होने के चलते संबंधित ठेकेदार ने निर्माण कार्य रोक दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक अगर इस चार मंजिला भवन की छत का कार्य शीघ्र पूरा न हुआ तो सारी दीवारें खराब हो सकती हैं। इससे सरकार को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उधर, रावमापा (कन्या) के प्रिंसिपल विजय गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भवन का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 66 लाख रुपये की किस्त जारी की है।