हमीरपुर। खग्गल गांव में एक मकान में आग लगने से दो कमरे और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया है। इस अग्निकांड से पीड़ित परिवार को करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाकर मकान के शेष दो कमरों और साथ लगते अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचाया।
सोमवार शाम करीब चार बजे धर्म चंद पुत्र निक्कू राम निवासी खग्गल के दो मंजिला मकान की निचली मंजिल में अचानक आग लग गई। कमरों से धुआं उठता देख परिवार के सदस्य मकान से बाहर आ गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते आग भड़क गई। लोगों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने एक घंटे की म़शक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में दो कमरे, अलमारियां, बेड बॉक्स, संदूक सहित अन्य इलेक्ट्रानिक सामान जलकर राख हो गया।
स्टेशन फायर ऑफिसर राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मौके पर जाकर आग पर काबू पा लिया गया। दो कमरों में रखा सामान जल गया है। इससे करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।