नादौन (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन के झलाण गांव निवासी समाजसेवी रणजीत जीतू ने गांव के तीन लोगों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने की शिकायत एसडीएम नादौन से की है। उन्होंने एसडीएम से सरकारी भूमि को जनहित में कब्जा मुक्त करवाने की मांग की है।
एसडीएम द्वारा इस शिकायत को नायब तहसीलदार नादौन को भेजने के बाद नायब तहसीलदार ने संबंधित पटवारी से इसकी विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। एसडीएम को दी शिकायत में जीतू ने कहा है कि पटवार सर्कल झलाण में तीन लोगों ने इस भूमि पर दुकानें मकान तथा शौचालय आदि बनाकर अवैध कब्जा कर रखा है। एक रास्ता जो सरकारी भूमि पर है, दुकानदारों ने इसे अपनी गाड़ियों के लिए पार्किंग स्थल बना रखा है। एसडीएम दिलेराम धीमान ने बताया कि उन्हें सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई है। इस शिकायत को नायब तहसीलदार को कार्रवाई के लिए भेज दिया है। नायब तहसीलदार मनोहर लाल ने बताया कि हल्का पटवारी को मौका पर जाकर पूरी रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए हैं।