भोरंज/जाहू (हमीरपुर)। सांसद स्टार खेल महाकुंभ के तहत भोरंज ब्लॉक की बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को हुआ। इसमें भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर की ओर से शुरू किए खेल महाकुंभ से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा। यह अनूठी शुरुआत कर सांसद ने क्षेत्र के युवाओं को नायाब तोहफा दिया है। उन्होंने इस आयोजन को सुचारु रूप से संचालित करने और रात-दिन मेहनत करने के लिए युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की सराहना की।
इस प्रतियोगिता में बास्केटबाल की 12 टीमों ने भाग लिया। पहला सेमीफाइनल तरक्वाड़ी और खरवाड़ के बीच खेला गया। जिसमें तरक्वाड़ी विजेता रहा। दूसरा सेमीफाइनल सीएमसी भरेड़ी और लदरौर के बीच खेला गया। जिसमें भरेड़ी विजेता रहा। फाइनल मैच सीएमसी भरेड़ी और तरक्वाड़ी के बीच खेला गया। जिसमें भरेड़ी विजेता रहा। इस मौके पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय कोच विद्यासागर शर्मा, परमानंद, चुन्नी लाल, संजय प्रेमी, अशोक ठाकुर, ज्ञान चंद कौंडल, दिनेश ठाकुर, सुनील, पंकज, अजीत, अशोक, जगदेव ठाकुर, कश्मीर शर्मा, चमन लाल, धर्म दास सहित अन्य मौजूद रहे।