गुरुकुल स्कूल हमीरपुर में छात्र को कोवैक्सीन की डोज लगाते पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में शुक्रवार को डीएवी कांगू के तीन स्टाफ सदस्यों, जाहू में रहने वाले दस लोगों समेत 43 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इनमें से रैपिड एंटीजन टेस्ट में 18 और आरटीपीसीआर में 25 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि, 87 वर्षीय वृद्ध की संक्रमण के कारण मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि शुक्रवार को जिले में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 463 सैंपल लिए गए। जिनमें से 18 पॉजिटिव निकले। वहीं, 25 लोग आरटीपीसीआर में संक्रमित पाए गए हैं।
डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे मास्क के बगैर बिल्कुल बाहर न निकलें, आपस में पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, कहीं पर भी भीड़ इकट्ठी न करें और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखें।