हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर की जिला मुख्यालय से खगल जा रही एक बस कसवाड़ के पास अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। गनीमत रही कि बस पुल से टकराकर रुक गई नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, इस टक्कर में किसी सवारी और बस आपरेटर को चोटें नहीं आई हैं लेकिन, बस क्षतिग्रस्त हुई है। हादसा शुक्रवार शाम को हुआ। उस समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। बस के टकराने के बाद यात्री सहम गए। बस के अनियंत्रित होने का कारण उसका गीली मिट्टी से स्किड होना बताया जा रहा है।
दो दिन पूर्व भी निगम के नालागढ़ डिपो की बस के झनियारी के पास ब्रेक फेल हो गए थे। चालक की सूझबूझ से उस दिन करीब तीन दर्जन सवारियों की जान बची है। चालक ने बस को खेतों में घुसाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया। अब खगल के पास बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस संबंध में बस अड्डा हमीरपुर के इंचार्ज बलवीर का कहना है कि बस में कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। बस के स्किड होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और यह दुर्घटना हुई। लेकिन, इसमें किसी सवारी को चोटें नहीं आई हैं।