नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन की मासिक बैठक मई माह के बाद न होने को लेकर मनोनीत पार्षदों ने शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी से शिकायत की है। मनोनीत पार्षदों श्याम सोनी, योग राज और मनोज कुमार का कहना है कि आठ मई को उन्होंने बतौर पार्षद शपथ ली थी और उसी दिन बैठक हुई थी। इसके बाद अभी तक पार्षदों की बैठक नहीं बुलाई गई है। बैठक न होने से कई तरह के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों को भवनों के नक्शे पास करवाने में भी दिक्कतें पेश आ रही है। पार्षदों ने कहा कि नगर पंचायत के सभी सात चयनित पार्षद कांग्रेस पार्टी से संबंधित हैं इसलिए, जानबूझकर बैठक को लटकाया जा रहा है। शहरभर में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। आलम यह है कि कमेटी कार्यालय परिसर के मुख्य द्वार के पास ही कूड़े का डंप बना दिया गया था। जिसे दुकानदारों के विरोध के कारण कमेटी को हटाना पड़ा है। स्थानीय बस अड्डे पर भी सफाई व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। पार्षदों ने मंत्री से इस बारे में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष रीना देवी ने कहा कि शीघ्र ही बैठक का आयोजन किया जाएगा।