हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के कर्मचारियों ने अतिक्रमण पर शिकंजा कसते हुए मंगलवार को 6 रेहड़ियों और 3 दुकानदारों का सामान जब्त किया है। नगर परिषद के कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाने को लेकर शहर का औचक निरीक्षण किया। बाजार में निरीक्षण से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने सड़क पर सजाए अपने सामान को अंदर कर लिया। शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है।
अब अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने शिकंजा कस दिया है। हालांकि, कुछ दिन पहले ही नगर परिषद के कर्मचारियों ने बाजार का औचक निरीक्षण किया था और सड़क पर सामान सजाने पर कुछ दुकानदारों को जुर्माना भी डाला गया, जबकि रेहड़ी वालों को रेहड़ी हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी यह दुकानदार और रेहड़ी वाले नहीं माने और सड़कों पर सामान सजाने लगे। नगर परिषद ने इस पर कार्रवाई करते हुए 6 रेहड़ियों और तीन दुकानदारों का सामान जब्त किया है। इस संबंध में नगर परिषद हमीरपुर के ईओ विनोद कुमार शर्मा का कहना है शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 6 रेहड़ियों और तीन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। इसके साथ अन्य दुकानदारों को भी हिदायत दी गई कि वह सड़क पर सामान न सजाएं। अतिक्रमण करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा।