जाहू(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में कूड़े कचरे के निपटान के लिए डंपिंग साइट का चयन कर लिया गया है। इस साइट का चयन कर लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। जाहू में कचरा फेंकने के लिए इससे पहले कोई भी स्थान निर्धारित न होने के कारण लोग पुराने पुल के साथ ही खुले में कचरा फेंक देते हैं। इस कारण कस्बा में गंदगी का आलम बना रहता है। कुछ दिन दिन पूर्व उपायुक्त ने जाहू कस्बा का दौरा कर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और दुकानदारों के साथ बैठक की थी।
इस दौरान व्यापारियों ने उपायुक्त से कूड़े के निष्पादन के लिए डंपिंग साइट बनाने मांग की थी। उपायुक्त ने उसी समय एसडीएम भोरंज को एक सप्ताह के अंदर कूड़े कचरे के लिए डंपिंग स्थान का निर्धारण करने के निर्देश दिए थे। इस पर एसडीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्थान का चयन करने के निर्देश दिए थे। इस पर राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बाजार के बाहर खड्ड के पास डंपिंग के लिए जगह का चयन करके कार्य शुरू कर दिया है। भोरंज एसडीएम विजय कुमार का कहना है कि उपायुक्त के आदेशों पालन करते हुए जाहू में कूड़ा कचरा निपटान के लिए डंपिंग साइट का चयन कर लिया गया है। लोक निर्माण विभाग को कार्य शुरू करने के आदेश दिए हैं।