सुजानपुर(हमीरपुर)। स्थानीय कस्बा में व्यापार मेले के लिए डोम लगाने को लेकर स्थानीय दुकानदार भड़क गए हैं। डोम को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन के प्रति रोष प्रकट किया है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में इन दिनों दुकानदार वैसे ही मंदी की मार झेल रहे हैं और व्यापार मेला लग जाने के कारण उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। होली मेले के डेढ़ माह पहले स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानों को सजाते हैं।
होली मेले को लेकर दुकानदार नया सामान लेकर आते हैं, लेकिन मेले से पहले डोम लगने के कारण लोग डोम में लगी दुकानों में खरीदारी करते हैं और इसके बाद होली मेले के दौरान लगने वाली दुकानों से खरीददारी करते हैं। इस कारण स्थानीय दुकानदारों को मंदी की मार झेलनी पड़ती है। वहीं खरीदा गया नया सामान भी कई बार नष्ट हो जाता है। डोम में हर तरह के सामान को सस्ते दामों पर सेल के माध्यम से बेचा जाता है। जिस कारण लोग स्थानीय दुकानदारों से सामान न खरीदकर डोम में लगी दुकानों से सामान खरीदते हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, मुनीष, विनोद ठाकुर ने प्रशासन के डोम लगाने के लिए विरोध जाताया है। उन्होंने डोम को न लगाने की मांग की है।
उपमंडल के लोगों सुरेश भारद्वाज, कपिल ठाकुर, निशांत कुमार, राहुल शर्मा और विवेक पठानिया ने कहा कि आजकल प्रतियोगिता का जमाना है। अगर बाजार में सस्ती दरों पर सामान मिलता है तो कौन नहीं खरीदना चाहेगा। उन्होंने कहा कि अगर सुजानपुर में लगने वाले डोम में मिलना वाला सामान को उसी रेट पर स्थानीय दुकानदार देते हैं तो ग्राहक दुकान में ही सामान खरीदेगा। महंगाई के इस समय में हर व्यक्ति सस्ता सामान खरीदना पसंद करता है।