हमीरपुर। प्रवाह सिंचाई योजना के अंतर्गत वित्त वर्ष 2023-24 में जिलेभर में 40 बोरवेल स्थापित किए गए हैं। बोरवेल स्थापित करने के लिए किसानों को विभाग की ओर से 45 लाख रुपये का बजट प्रदान किया गया है। भूसंरक्षण विभाग उपमंडल हमीरपुर ने जिलेभर में बोरवेल स्थापित करने के लिए वित्त वर्ष 2023-24 में किसानों को राशि उपलब्ध कराई थी।
प्रवाह सिंचाई योजना के अंतर्गत के किसानों का बोरवेल स्थापित कराने के लिए विभाग की ओर से 50 फीसदी अनुदान दिया जाता है। इसमें किसानों को अधिकतम 1.10 लाख रुपये तक का ही अनुदान मिलता है। बोरवेल स्थापना पर किसान को यदि दो से तीन लाख रुपये का खर्च आता है तो विभाग की ओर से उसे 50 फीसदी अनुदान दिया है। सत्र 2024-25 में योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। जिला भूसंरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक ने कहा कि वित्त वर्ष 2023-24 में जिले में 40 बोरवेल लगाए जा चुके हैं। इसके लिए 45 लाख रुपये का बजट का जारी हुआ था।