संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। बाईपास रोड हमीरपुर पर एक निजी होटल से एलईडी और एसी चुराने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को फिर से हमीरपुर न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपियों को अब छह मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पूर्व पुलिस ने इन्हें शनिवार, 23 अप्रैल को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें 25 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। आरोपियों अंकित, अरुण, अमनदीप और नितिन सहित एक अन्य पर होटल से एसी और एलईडी चुराने का आरोप है।
इस मामले में पुलिस ने पहले अंकित और नितिन को धरा, जबकि उसके बाद अमनदीप और अरुण को गिरफ्तार किया। दो दिन तक पुलिस रिमांड मिलने के बाद इन्हें न्यायालय में पेश किया गया। हालांकि एक अन्य आरोपी जो इस चोरी में संलिप्त है वह चंडीगढ़ में है।
पुलिस के मुताबिक बीमार होने के चलते वह वहां उपचार करवा रहा है। इन चारों आरोपियों ने हमीरपुर न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी दी थी। लेकिन न्यायालय ने चारों की जमानत याचिका को खारिज करते हुए 25 तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।
साथ ही पुलिस से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है। एसएचओ सदर राजेश कुमार ने कहा कि चार को छह मई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एक आरोपी का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है।