भोरंज (हमीरपुर)। स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी भरेड़ी के महासचिव वीरेंद्र कुमार चौधरी ने स्कूली राज्यस्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चुनी टीम पर आपत्ति जताते हुए चयन समिति के खिलाफ कोर्ट जाने की बात कही है। यह प्रतियोगिता रावमापा सुंदरनगर में 15 से 18 अक्तूूबर 2018 को आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि समिति ने चयन प्रक्रिया के सभी नियमों की धज्जियां उड़ाईं और आरटीआई देने में भी देरी की। इस दौरान कई खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस राज्यस्तरीय टूर्नामेंट से राष्ट्रीय प्रतियोगिता को चयनित खिलाड़ियों में हारी हुई टीमों से खिलाड़ियों को चुना गया है। इसमें चयन कमेटी ने मनमर्जी की है। उन्होंने इस विषय पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और निदेशक शिक्षा विभाग से मांग की है कि व्यक्तिगत तौर पर पूरी प्रक्रिया की छानबीन करें। कोचिंग कैंप जो राष्ट्रीय स्तर की टीम के लिए रावमापा सरकाघाट जिला मंडी में 26 दिसंबर से लगाया जा रहा है, वहां पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखा जाए। अन्यथा चयन कमेटी के खिलाफ धरने पर बैठा जाएगा और कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।