हमीरपुर। विधानसभा की जन प्रशासन समिति ने अध्यक्ष राकेश पठानिया की अध्यक्षता में सोमवार को हमीरपुर के एक दिवसीय प्रवास के दौरान सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। हमीर भवन में आयोजित विभागीय अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष एवं नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया ने कहा कि जन कल्याण की योजनाओं एवं कार्यक्रमों के कार्यान्वयन में जनप्रतिनिधियों का रचनात्मक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। राकेश पठानिया ने कहा कि प्रदेश भर में मिलावटी शराब की शिकायतें मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश सरकार को करोड़ों का नुकसान हो रहा है। पठानिया ने एक्साइज विभाग को सात दिन के भीतर बॉटलिंग प्लांट में सीसीटीवी कैमरे की कनेक्टेविटी जिला मुख्यालय पर एक्साइज विभाग और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान अगर किसी का मकान जमींदोज होता है तो मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये तक मुआवजा देने का प्रावधान है। जिसके बारे में ग्रामीण विकास विभाग को ग्रामीण स्तर पर जागरूकता शिविर लगाकर जनता को योजना की जानकारी देनी चाहिए। हमीरपुर अस्पताल में बीते दो सालों से धूल फांक रही डायलिसिस मशीनों पर चिंता प्रकट करते हुए स्वास्थ्य विभाग को इस बारे निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला की खड्डों के चेनलाइजेशन तथा चेक डैम बनाने के लिए विशेष प्लान तैयार किया जाए। पठानिया ने हमीरपुर जिला में नशा निवारण को लेकर भी रोड मैप तैयार कर नशा निवारण समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा नियमित तौर पर नाके लगाए जाएं और स्कूलों तथा महाविद्यालयों में बच्चों के नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाए। इसके उपरांत समिति ने गसोती खड्ड पर निर्मित चेक डैम का भी निरीक्षण किया गया। समिति में विधायक डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक पवन नैयर, विधायक कमलेश कुमारी समेत समिति के अन्य सदस्य और जिला अधिकारी मौजूद रहे।