अमर उजाला ब्यूरो
भोरंज (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे के अंतर्गत पड़ते खरबाड़ एक्सचेंज में लगभग तीन वर्ष पहले पांच सौ लैंडलाइन कनेक्शन थे, लेकिन वर्तमान में अधिकतर खराब रहने के कारण इस एक्सचेंज से मात्र 85 लैंडलाइन कनेक्शन ही रह गए हैं। इसे विभाग की लचर प्रणाली समझें या लोगों का बीएसनएल से उठ रहा विश्वास। इतना ही नहीं, इस एक्सचेंज के तहत गांव रौही, भ्याड़, धीरवीं आदि गांवों की टेलीफोन की तारें चोरी हो जाने के बाद करीब आठ माह तक विभाग ने तार नहीं डाली है।
जब इसके बाद विभाग ने टेलीफोन की तार डाली तो चोरों ने दोबारा से इस तार को चोर लिया। बीएसनल विभाग ने इसकी एफआईआर भी करवाई थी, लेकिन अभी तक इन चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। टेलीफोन की तार न होनेे से अब इन गांवों में एक भी टेलीफोन नहीं है। इस संबंध में टेलीफोन एक्सचेंज भोरंज एसडीओ दिले राम ने कहा कि उनके ज्वाइन करने से पहले इस एक्सचेंज में चोरियां हुई हैं, लेकिन जब से उन्होंने कार्यभार संभाला है, एक्सचेंज सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने माना की अब इसके तहत लगभग 85 कनेक्शन ही रह गए हैं।