नीट और जेईई की निशुल्क कोचिंग के लिए परीक्षा देते विद्यार्थी। संवाद
जाहू/हमीरपुर। समग्र शिक्षा की ओर से बुधवार को जिला के 14 परीक्षा केंद्रों में जेईई और नीट की ऑफलाइन परीक्षा ली गई। परीक्षा में विज्ञान संकाय के 11वीं कक्षा के 1414 और 12वीं कक्षा के 1495 विद्यार्थियों ने भाग लिया। सुबह 10ः00 बजे से दोपहर से एक बजे तक चल परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
समग्र शिक्षा के जिला परियोजना अधिकारी मदन लाल बन्याल ने कहा कि परीक्षा में टॉपर आने वाले विद्यार्थियों को जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग दी जाएगी, ताकि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के लिए विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण स्कूलों के माध्यम से हुआ था।
परीक्षा में चयनित होने वाले विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। जिला में परीक्षा आयोजन को लेकर 14 केंद्र बनाए गए थे, जिसमें दोनों कक्षाओं के 2909 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा का उद्देश्य प्रतिभाशाली बच्चों को आगे लाना है ताकि चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अतिरिक्त सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया जा सके।