जाहू (हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग ने झरलोग पंचायत के लदरौर खुर्द में पेयजल समस्या के समाधान के लिए उठाऊ पेयजल योजना द्रुण नगराईयां के संवर्धन का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके लिए विभाग ने लगभग 1.1 करोड़ रुपये का प्राकलन उच्च अधिकारियों की स्वीकृति के लिए भेजा है।
लदरौर खुर्द और आस-पास के गांवों में पेयजल की स्थाई समस्या के समाधान के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किए जा रहे हैं। योजना के तहत, 1986-87 में बनी उठाऊ पेयजल योजना का जल स्तर बढ़ाने के लिए नाले पर एक लंबा चैक डैम बनाया जाएगा। इसके अलावा, लदरौर खुर्द गांव के पास 50 हजार लीटर क्षमता का एक ओवरहेड टैंक भी स्थापित किया जाएगा।
पानी को ओवरहेड टैंक तक पहुंचाने के लिए 800 मीटर दूरी तक अढ़ाई इंच की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे लदरौर खुर्द व आसपास के लगभग 300 नलों को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। गर्मियों में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है, और इस योजना से पानी की उपलब्धता को बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने ओवरहेड टैंक के निर्माण और नाले पर बांध के लिए भूमि का निरीक्षण कर लिया है। इस योजना के संवद्र्धन के बारे में पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। झरलोग पंचायत पूर्व प्रधान नरेश ठाकुर का कहना है कि इससे ग्रामीणों की पानी की समस्या दूर होगी।
उधर, जल शक्ति विभाग उप मंडल लदरौर के सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह पठानिया का कहना है कि योजना के संवर्धन व जल स्रोत के विस्तार के लिए करीब एक करोड़ रुपये का प्राकलन तैयार करके उच्च अधिकारियों की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
विधायक प्राथमिकता में द्रुण नगराईयां पेयजल योजना को डाला गया है। जल शक्ति विभाग ने इसके संवर्धन के लिए एक करोड़ का प्राकलन तैयार करके नाबार्ड की स्वीकृति के लिए भेजा है। भोरंज विस क्षेत्र में पानी की समस्या दूर करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
- सुरेश कुमार, विधायक भोरंज