सुजानपुर (हमीरपुर)। विकास खंड सुजानपुर के तहत पंचायत पनोह में मुख्यमंत्री लोक भवन का निर्माण किया जाएगा। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन को लेकर ग्रामीण विकास विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस भवन के बनने से पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायत की बैठकों और अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए काफी बड़ा भवन उपलब्ध होगा। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र में एक लोकभवन बनना है। करीब दो माह पहले ग्राम पंचायत पनोह में बनने वाले लोकभवन का शिलान्यास पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किया था। अब इस भवन निर्माण को लेकर बीडीओ कार्यालय में पहली किस्त भी आ गई है। इससे विकास खंड कार्यालय निर्माण को लेकर के सक्रिय हो गया है।
भवन में एक बड़े सभागार, पंचायत कार्यालय और अन्य कमरे का निर्माण किया जाएगा, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों को बड़े आयोजनों के दौरान काफी सुविधा मिलेगी। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। भवन निर्माण के लिए बजट का प्रावधान भी हो गया है।