राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परोल मेंजेईई व नीट को कोचिंग का तीसरा पेपर देते विद्यार्थी।स्रोत
जाहू(हमीरपुर)। शिक्षा खंड भोरंज के 17 सरकारी स्कूलों में शनिवार को जेईई और नीट की निशुल्क कोचिंग के लिए टेस्ट का आयोजन किया गया। टेस्ट स्कूल स्तर पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में आयोजित किया गया, जिसमें 244 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
समग्र शिक्षा अभियान के खंड समन्वयक एवं भोरंज स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा ने बताया कि भोरंज विधायक सुरेश कुमार के दिशानिर्देश व मार्गदर्शन पर शिक्षा सत्र 2025-26 में सरकारी स्कूलों के बच्चों को भोरंज मॉडल ऑफ स्कूल शिक्षा के नाम पर जेईई, नीट व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके लिए सरकारी स्कूलों की अनुभवी टीमों ने लगातार कार्य करके कोचिंग सामग्री व प्रश्न पत्र तैयार किए हैं।
जेईई व नीट की परीक्षा की तैयारी का पहला टेस्ट जून में लिया गया और दूसरा टेस्ट अक्तूबर तथा तीसरा 29 नवंबर को लिया गया है। इसमें 17 सरकारी स्कूलों के 244 छात्रों ने भाग लिया है।
तीनों टेस्ट सीरीज का फाइनल पेपर फरवरी 2026 में लिया जाएगा। भोरंज मॉडल ऑफ स्कूल शिक्षा को निशुल्क कोचिंग कार्यक्रम से बच्चों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
सरकारी स्कूलों के बच्चे अपनी पढ़ाई के साथ कोंचिग में विशेष रुचि लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कार्यक्रम की निगरानी भोरंज एसडीएम शशिपाल शर्मा कर रहे हैं। संवाद