हमीरपुर। मिनी सचिवालय हमीरपुर के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से पुलिस ने शराब की 22 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने एक्साइज एक्ट में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक यह युवक एसडीएम कार्यालय में सेवारत है और लंबे समय से शराब का अवैध कारोबार करता है। गुप्त सूचना मिलने के बाद हमीरपुर पुलिस थाना के एसएचओ अपनी टीम के साथ बुधवार शाम पौने सात बजे उपायुक्त कार्यालय परिसर पहुंचे। पुलिस को देखकर यह कर्मचारी परेशान हो गया और इधर-उधर घूमने लगा।
पुलिस ने उससे पूछताछ की और कर्मचारी के स्कूटर की तलाशी ली तो स्कूटर से देसी शराब की 18 बोतलें और अंग्रेजी शराब की चार बोतलें बरामद हुईं। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि इसी मिनी सचिवालय में एसडीएम के अलावा उपायुक्त हमीरपुर देबश्वेता बनिक, एडीएम जितेंद्र सांजटा, एसी टू डीसी रमन घरसिंगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा, एडिशनल एसपी विजय सकलानी, डीएसपी रोहिन डोगरा और विजिलेंस का कार्यालय भी है, लेकिन जिस तरह से मिनी सचिवालय परिसर में शराब का जखीरा बरामद हुआ है, उससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अब पुलिस में केस दर्ज होने के बाद संबंधित आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सर्विस रूल के तहत भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस घटना से सरकारी कर्मचारियों की खूब किरकिरी हुई है।
उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा कि एसडीएम कार्यालय के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से पुलिस ने मिनी सचिवालय परिसर की पार्किंग में शराब बरामद की है। केस दर्ज किया गया है और आगामी पुलिस जांच चल रही है।