बिझड़ी (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घंघोट का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। इसमें पूर्व विधायक बड़सर बलदेव शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य अशोक शर्मा और स्कूल स्टाफ ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इस मौके पर छात्राओं ने सरस्वती वंदना पेश की। प्रधानाचार्य अशोक शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। मिडल स्कूल बाहल ठाकरू और नैण रप्पड़ के छात्रों को भी सम्मानित किया गया। स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
छात्रों ने लै जट्टा खिच सेल्फी..., तू लौंग वे मैं लैची..., रोहड़ू जाणा मेरी अम्मिये..., पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। इसके साथ छात्रों ने नशे पर नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। मुख्यातिथि ने कहा कि शिक्षा मनुष्य का सबसे बड़ा गुण है। इससे अच्छे और बुरे की पहचान होती है। प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए कार्य कर रही है। सरकार गुणात्मक शिक्षा के साथ रोजगार पूरक शिक्षा को महत्व दे रही है। मुख्यातिथि ने तीनों स्कूलों के वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन अंजू चंदेल, बीडीसी सदस्य सुभाष चंद, घंगोट पंचायत प्रधान राज कुमारी, यशपाल ठाकुर, राजेश अग्निहोत्री, पुरुषोत्तम चंद, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मान सिंह, सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार सहित एसएमसी कमेटी के सदस्य, छात्र और उनके अभिभावक मौजूद रहे।