हमीरपुर। ग्राम पंचायत गोइस में एक निजी कंपनी बिना पंचायत की सहमति से मोबाइल सिग्नल टावर का निर्माण कर रही है। हालांकि जिस जमीन पर इस टावर का निर्माण किया ज रहा है, वह जमीन किसी की निजी संपत्ति है। लेकिन कंपनी द्वारा पंचायत क्षेत्र में टावर का निर्माण करने से पहले संबंधित पंचायत से एनओसी नहीं ली गई है। इस कारण पंचायत प्रतिनिधियों ने इसका विरोध किया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इसकी शिकायत उपायुक्त हमीरपुर, एसडीएम और परियोजना अधिकारी को लिखित रूप में प्रेषित की हैै।
स्थानीय पंचायत प्रधान राजीव कुमार का कहना है कि एक निजी मोबाइल कंपनी द्वारा पंचायत क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल टावर का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके लिए कंपनी ने पंचायत से एनओसी नहीं ली है। वहीं, नियमानुसार कंपनी को पंचायत से एनओसी लेना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में कंपनी के प्रतिनिधि उनसे मिले थे। उस समय उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों को ग्राम सभा में एनओसी लेने की बात कही। इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि दोबारा पेचायत घर और ग्राम सभा में नहीं आए और टावर का निर्माण कार्य बिना एनओसी के ही शुरू कर दिया है। इस कारण पंचायत के प्रतिनिधियों ने इसकी लिखित शिकायत उपायुक्त, एसडीएम व परियोजना अधिकारी को प्रेषित की है। उन्होंने मामले की छानबीन करने की मांग की है। उधर, उपायुक्त संदीप कदम का कहना है कि इस बारे में शिकायत प्राप्त हुई। कंपनी द्वारा टावर व्यक्ति की निजी भूमि पर लगाया जा रहा है। संबंधित पंचायत से एनओसी जरूरी होती है, इस बारे ज्ञात नहीं है। बहरहाल मामले की छानबीन के निर्देश दे दिए गए हैं।