हमीरपुर। स्वास्थ्य विभाग ने नवंबर माह में जिलाभर में दवाइयों के 12 सैंपल भरे हैं। इनमें से आठ सैंपल विभाग ने लोगों की शिकायत के आधार पर भरे हैं और चार सैंपल विभाग के निरीक्षक ने औचक निरीक्षण के दौरान भरे हैं। इन सभी सैंपलों में आठ सैंपल विभाग ने मेडिकल स्टोर के और चार सैंपल अस्पतालों में बिक रही दवाओं के भरे हैं। विभाग के निरीक्षक ने कार्रवाई करते हुए भोरंज उपमंडल के भुक्कड़, भरेड़ी, चंदरूही और जिला मुख्यालय में इन दवाओं के सैंपल भरे हैं। सैंपल भरने के बाद विभाग ने इन्हें कंडाघाट स्थित लैंब में भेज दिया है। इन सैंपलों के परिणाम फरवरी माह तक आ जाएंगे।
विभाग के निरीक्षक दवाइयों की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए जिलाभर में मेडिकल स्टोर व अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने अप्रैल माह से नवंबर माह तक कुल 78 सैंपल भरे हैं। जिनमें से साठ सैंपल के रिजल्ट अभी आना बाकी हैं। शेष 18 सैंपलों में से एक ग्लूकोज का सैंपल फेल हो चुका है। दवाइयों में हो रही धांधली को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है। स्वास्थ्य विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर डॉ. पंकज शर्मा का कहना है कि विभाग समय-समय पर दवाइयों के सैंपल भर रहा है। इसके तहत नवंबर माह में विभाग ने 12 सैंपल भरकर उन्हें टेस्ट के लिए लैब भेज दिया है। फरवरी माह तक इन सैंपलों के रिजल्ट आ जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं कोई दवाइयों में हेराफेरी कर रहा हो, तो उसकी सूचना विभाग को दें।