हमीरपुर। होली पर्व के एक दिन पहले जिलाभर में बुधवार को खूब गुलाल उड़ाया गया। कॉलेज और स्कूली छात्राओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली पर्व का जमकर लुत्फ उठाया। छात्राओं ने रंगों के साथ अंडों से भी होली खेली। कई छात्र एक-दूसरे पर अंडे फोड़ते नजर आए। इसके साथ पानी से भरे गुब्बारों को छात्राओं ने एक-दूसरे पर फेंका। लड़कों के साथ लड़कियों ने भी इस त्योहार का आनंद लिया। होली पर्व को लेकर बाजारों में काफी रौनक दिखी। एक तरफ लोग रंग खरीद रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ छात्र होली मना रहे थे। जिला मुख्यालय में गांधी चौक से लेकर सब्जी मंडी तक गुलाल ही गुलाल दिख रहा था।
वहीं, बस स्टैंड पर भी छात्र होली खेलते नजर आए। छात्र एक-दूसरे को पकड़कर उनके मुंह और सिर पर रंग लगा रहे थे। इस दौरान कई छात्र रंग न लगाने को लेकर भागते नजर आए। हर कोई यही कहता नजर आ रहा था कि बुरा ना मानो होली है। बाजार में सामान की खरीदारी करने आए लोग छात्र-छात्राओं को होली खेलते देख रहे थे। बाल स्कूल हमीरपुर के खेल मैदान में छात्राओं ने होली खेली। होली पर्व के लिए जिले की दुकानें भी पूरी तरह से सजी हुई हैं। लोग रंगों और पिचकारियों की खरीदारी कर रहे हैं। छात्राओं में संतोष, सचिन, मनु, विशाल, निखिल, रोहित, पूनम, निकिता आदि ने कहा कि उन्होंने अपने दोस्तों के साथ होली पर्व धूमधाम से मनाया। इसके साथ जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में होली पर्व धूमधाम से मनाया गया।