हमीरपुर। रानीताल-शिमला नेशनल हाईवे पर हमीरपुर बाईपास में तेज बारिश और धुंध के कारण एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घायल कार चालक को उपचार के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां चिकित्सकों ने उसे उपचार देकर घर भेज दिया।
वीरवार दोपहर करीब 12 बजे बाईपास हमीरपुर से कार चालक राजन शर्मा पुत्र प्रदीप कुमार निवासी गांव धलोट डाकघर बोहणी, हमीरपुर की ओर जा रहा था। तेज बारिश के कारण बाईपास सड़क पर पानी भरा हुआ था। इस कारण कार चालक ने कार को पानी के बीच में से निकालने की बजाय दूसरी तरफ से निकालने में भलाई समझी। वीरवार दोपहर को तेज बारिश और धुंध के कारण थोड़ी दूर तक भी साफ नजर नहीं आ रहा था। जब कार चालक पानी की बजाय उल्टी दिशा से कार निकालने लगा तो वह सड़क किनारे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार दी थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसकी दिशा भी बदल गई। पुलिस थाना हमीरपुर प्रभारी संजीव गौतम का कहना है कि कार चालक पानी के बीच में से कारण न ले जाने के चक्कर में खड़े ट्रक से टकरा गया। इस कारण कार को काफी नुकसान हुआ है। कार चालक को मामलूी चोटें आई हैं। जिसे उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।