हमीरपुर। जिला में सीसीटीवी न लगाने वाले एक दर्जन परीक्षा केंद्रों ने नपने के डर से तीन दिन में ही कैमरे स्थापित करवा लिए हैं। जो स्कूल निर्देशों के बावजूद महीनों में कैमरे नहीं लगा पाए, उन्होंने कार्रवाई होने के डर से तीन दिन में कैमरे स्थापित करवा लिए। विभाग ने जिला के जिन स्कूलों में परीक्षा केंद्र स्थापित किए थे, उनको पांच मार्च तक कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए थे। लेकिन करीब एक दर्जन स्कूलों ने इस अवधि में कैमरे स्थापित नहीं किए। विभाग के कलस्टर प्रमुखों ने जब इसकी रिपोर्ट विभाग के पास प्रेषित की तो नपने के डर से स्कूलों ने तीन दिन में कैमरे स्थापित कर लिए हैं। शुक्रवार तक इन स्कूलों में कैमरे नहीं थे लेकिन सोमवार तक स्कूलों ने कैमरे स्थपित कर लिए।
जिला में कुल 152 स्कूलों में परीक्षा केंद्र स्थापित हैं। इनमें से करीब 140 स्कूलों ने विभाग के निर्देशों के बाद पांच मार्च तक कैमरे स्थापित कर लिए थे, लेकिन कैमरों से वंचित एक दर्जन स्कूलों ने कार्रवाई के डर से शनिवार से लेकर सोमवार तक जल्दी से कैमरे स्थापित कर लिए हैं। अब जिला के सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं। इस संबंध में उपनिदेशक शिक्षा विभाग निरीक्षण विंग अजय पटियाल का कहना है कि कलस्टर प्रमुखों से मिली रिपोर्ट में कुछेक स्कूलों ने कैमरे नहीं लगाए थे। विभाग इन स्कूलों की सूची कार्रवाई को निदेशालय भेजने वाला था, लेकिन सोमवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार उन स्कूलों ने भी कैमरे स्थापित कर लिए हैं। अब जिला के सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी की निगरानी में हो गए हैं।