हमीरपुर। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर के खेल मैदान के गेट पर ताला जड़ने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। खेल मैदान के गेट को स्थायी रूप से खुलवाने के लिए सोमवार को जागो भारत जागो मंच के सदस्यों ने एसडीएम अरिंदम चौधरी को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मंच के सदस्यों ने प्रशासन से मैदान के गेट को स्थायी रूप से खोलने की मंाग की। सदस्यों का कहना है कि यह मैदान जिला मुख्यालय का एकमात्र मैदान है। इस मैदान का प्रयोग बच्चे खेलने के लिए और बूढ़े टहलने के लिए करते हैं। सुबह-शाम मैदान में टहलने के लिए सैकड़ों लोग आते हैं, लेकिन मैदान के गेट पिछले कई दिनों से बंद हैं। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि गेट के बंद रहने से लोगों को बस स्टैंड आने जाने में भारी परेशानी हो रही है। मंच सदस्यों ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान के गेट सुबह चार से रात दस बजे तक किसी भी तरह बंद न हों। इस मौके मंच के अध्यक्ष अवनीश शर्मा, सुरजीत गौतम, रिंकू राम, रणजीत, अमरजीत शर्मा, शक्ति चंद, कविराज मिश्रा, विक्रमजीत, प्यार चंद, तिलक शर्मा, प्रवीण, रवि आदि मौजूद रहे।