बिझड़ी (हमीरपुर)।
सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मास मेले 14 मार्च से शुरू हो रहे हैं। मेलों को लेकर मंदिर न्यास प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। मेलों के शुरू होने से पहले ही मंदिर में भक्तों का आना शुरू हो गया है। रविवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही है। बाबा बालक नाथ मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शनों के लिए पहुंचे।
देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने लाखों रुपये का चढ़ावा और अन्य सामग्री बाबा के दर पर अर्पण की। चैत्र मेलों के दौरान मंदिर न्यास प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर रात-दिन खुला रखा जाएगा। श्रद्धालुओं के रहने और खाने पीने के लिए प्रशासन ने उचित प्रबंध किए हैं।
पिछले वर्ष मंदिर प्रशासन ने मंदिर को ऑनलाइन कर दिया है। इसके चलते सात समुद्र पार बैठे बाबा के भक्त दरबार की हाजरी भर सकते हैं। इस संबंध में एसडीम बड़सर एवं मंदिर न्यास अध्यक्ष विशाल शर्मा का कहना है कि बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मास मेले 14 मार्च को झंडा रस्म के साथ शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि यह मेले 30 अप्रैल तक चलेंगे। विशाल शर्मा ने कहा कि न्यास प्रशासन इसके लिए पूरी तैयारियों में जुटा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को मेलों के दौरान बेहतर सुविधा प्रदान की जाएगी।