हमीरपुर। जिला मुख्यालय में अतिक्रमण पर शिकंजा कसने के लिए बुधवार दोपहर को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ मुहिम के तहत करीब आधा दर्जन दुकानदारों का सामन जब्त किया है। इस औचक निरीक्षण से जिला मुख्यालय के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने गांधी चौक से शुरू की इस मुहिम को सब्जी मंडी तक चलाया। इतने में इस बात का पता चलते ही शहर के दुकानदारों ने नालियों व सड़कों पर सजाया हुआ सामान अतिक्रमण हटाओ कमेटी के पहुंचने से पहले ही समेट लिया।
इस बार भी प्रशासन के अधिकारियों ने कुछ बड़े दुकानदारों को सिर्फ हिदायत देकर छोड़ दिया और छोटे दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया। भेदभावपूर्ण कार्रवाई पर कुछेक दुकानदार भड़क गए और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किया। इस औचक निरीक्षण के दौरान तहसीलदार मित्र देव, नप के ईओ विनोद कुमार और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला मुख्यालय के माल रोड का दौरा कर विभिन्न दुकानों के बाहर सजे सामान को हटवाया। जिन दुकानदारों ने आनाकानी की, उनका सामान भी जब्त किया गया। जिसमें सब्जी, नालियों के ऊपर सजाए गए बैंच और अन्य सामान शामिल रहा। इस दौरान नप का वाहन भी सामान ढोने के लिए मौके पर मौजूद रहा। जब्त किए गए सामान को वाहन में डालकर ले जाया गया। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। इस बारे में नप के ईओ विनोद कुमार का कहना है कि बुधवार को अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसने के लिए अतिक्रमण कर रहे करीब आधा दर्जन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया और दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई।