भोरंज(हमीरपुर)। बस्सी-भ्याड़ वाया भोरंज सड़क को पक्का किए हुए केवल एक माह ही हुआ लेकिन एक माह बाद ही इस सड़क की टारिंग उखड़ गई है। इससे वाहन चालकों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण राजेश कुमार, सोनू ठाकुर, पहाड़ी राज, रवि कुमार, अजय शर्मा, प्रवीण शर्मा ने कहा कि इस सड़क पर पिछले माह ही तारकोल बिछाई गई थी। एक माह में ही सड़क जगह-जगह से उखड़ने लग गई है। लोगों का कहना है कि सड़क में इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री में गड़बड़ है। लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया है।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि इस कार्य को सही तरीके से दोबारा करवाया जाए। इस संबंध में एसडीओ लोक निर्माण विभाग भोरंज एमएल शर्मा ने कहा कि सड़क पक्का करने का कार्य ठेकेदार के अधीन है। जल्द ही इसे दोबारा सही करवा दिया जाएगा।