हमीरपुर। जिला हमीरपुर के पांच विधानसभा क्षेत्रों के 525 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान के बाद सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है। हमीरपुर, नादौन, सुजानपुर, बड़सर और भोरंज पांचों विधानसभा के सभी प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो चुका है, जो 18 दिसंबर को खुलेगा। निर्वाचन विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर की ऊपरी मंजिल में स्ट्रांग रूम बनाए हैं। वीरवार शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के बाद जिला भर के मतदान केंद्रों से पुलिस और पीठासीन अधिकारियों निगरानी में ईवीएम और वीपीपैट को गाड़ियों में लादकर स्ट्रांग रूम पहुंचाया गया। पांच बजे से शुरू हुई यह प्रक्रिया शुक्रवार सुबह तड़के चार बजे तक चलती रही।
इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारियों की मौजूदगी में सभी स्ट्रांग रूम को सील किया गया। इसके बाद स्ट्रांग रूप पर थ्री लीयर सुरक्षा घेरा बनाकर पैरा मिलिट्री के 150 जवान, पुलिस बटालियन के 60 और जिला पुलिस के 15 जवानों को तैनात किया गया। स्ट्रांग रूम पर सुरक्षा जवानों के अलावा 16 सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए गए हैं। स्ट्रांग रूप के अंदर और बाहर एलईडी लाइटों की भी खास व्यवस्था की गई है। 25 मीटर की दूरी के इर्द-गिर्द कोई भी व्यक्ति स्ट्रांग रूम के बाहर नहीं घूम सकता है। 24 घंटे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ रूटीन चेकिंग भी होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी रोजाना स्ट्रांग रूम का जायजा लेंगे ताकि संदिग्ध चीजों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त हमीरपुर संदीप कदम ने कहा कि स्ट्रांग रूम पर चौबीस घंटे पैरामिलिट्री, बटालियन और जिला पुलिस के जवानों का पहरा होगा। इसके अलावा डेढ़ दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।