दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र मास मेलों में श्रद्धालुओं की आवक लगातार जारी है। मेले के दौरान बुधवार को 20 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने बालयोगी के दरबार में शीश नवा कर पवित्र गुफा के दर्शन किए।
मेले के पांचवें दिन के चढ़ावे की गणना बुधवार को हुई। न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम ने कहा कि श्रद्धालुओं की ओर से बाबा के दर 11,04,470 रुपये चढ़ावा चढ़ाया गया है। दान के तौर पर 5,26,390 रुपये प्राप्त हुए। कुल 16,30,860 रुपये चढ़ावे और दान के रूप में प्राप्त हुए हैं। भक्तों की ओर से 930 मिलीग्राम सोना एवं 42 ग्राम 830 मिलीग्राम चांदी भी बाबा के दरबार में अर्पित किया गया है। विदेशी करंसी में यूएस डॉलर 111, यूरो 35, कनाडा डॉलर 55, ऑस्ट्रेलियन डॉलर 20, यूएई दिरहम 45 भी बाबा के दर चढ़ाए गए हैं। मेलों के दौरान बाबा के भक्तों की ओर से 142 बकरे भी बाबा को अर्पित किए। जिन्हें न्यास द्वारा 15 और 17 मार्च को खुली बोली लगाकर नीलाम किया। इस नीलामी से न्यास को 4,27,900 रुपये की राशि प्राप्त हुई। न्यास अध्यक्ष राजेंद्र गौतम ने कहा की मेलों में आने वाले श्रद्धालुओं के सुविधाओं का खास ख्याल रखा जा रहा है।