बिझड़ी के कोटला में निर्माणाधीन वाटर ओवरहेड टैंक।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी(हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग अनुभाग चकमोह की ओर से कोटला में 20 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे ओवरहैड टैंक का कार्य अंतिम चरण में है। इससे कोटला, सकरोह, चलसाई, बुनानी और अंवोटा समेत आधा दर्जन गांवों को आने वाले समय में अब पानी की कोई समस्या नहीं होगी।
पूर्व में इन गांवों में अक्सर पानी की समस्या बनी रहती थी, जिससे लोग लगातार जलशक्ति विभाग से टैंक निर्माण की मांग कर रहे थे। 75,000 लीटर क्षमता वाले वाटर ओवरहेड टैंक से जल्द ही पाइपलाइन बिछाकर गांवों को पानी की आपूर्ति की जाएगी। इससे लोगों को पेयजल की समस्या में निजात मिलेगी।
वहीं, इस संबंध में जलशक्ति विभाग अनुभाग चकमोह के कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार का कहना है कि कोटला में 75,000 लीटर क्षमता वाले वाटर ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य पूरा होते ही टैंक से पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी, ताकि आसपास के गांवों को बेहतर पेयजल आपूर्ति उपलब्ध हो सके।