सुजानपुर (हमीरपुर)। विस क्षेत्र सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों की चिंता कांग्रेस पार्टी से ज्यादा भाजपा को है। विधायक ने पूछा है कि भाजपा के लोगों को कांग्रेसी उम्मीदवारों की इतनी चिंता क्यों है? कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार जब भी घोषित होंगे, सबके सामने होंगे। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों की चिंता छोड़कर भाजपा को उनके घोषित उम्मीदवारों की चिंता करनी चाहिए।
क्योंकि कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के आगे भाजपा के घोषित उम्मीदवार इस बार टिक नहीं पाएंगे। प्रदेश में चारों के चारों सांसद कांग्रेस पार्टी से आएंगे। हर बार दूल्हा भाजपा ही तैयार करती है, लेकिन दुल्हन को कांग्रेस पार्टी ले जाती है। विधायक ने कहा कि भाजपा के लोग जिस तरह से डरे हैं, उसे देखकर लगता है कि बीते 5 वर्ष के दौरान जो मोदी सरकार ने काम किया है, उससे वह खुश नहीं हैं।