बड़सर/भोरंज (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला हमीरपुर के विधानसभा क्षेत्र भोरंज और बड़सर में भाजयुमो के सम्मेलनों में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। दोनों सम्मेलनों में मुख्यमंत्री ने युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति जब ठान लेती है, तो उस काम को पूरा करके ही दम लेती है। लोकसभा चुनाव में युवाओं की भूमिका सबसे अहम रहेगी। कहा कि युवा शक्ति और भोरंज की जनता के सहयोग से हमीरपुर में सांसद अनुराग ठाकुर जीत का चौका लगाएंगे। वहीं, प्रदेश की चारों सीटों पर वर्ष 2014 की तरह ही भाजपा जीत का परचम लहराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा व भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बड़सर में सीएम ने कहा कि देश में लोकसभा चुनावों को लेकर रोचकता का माहौल बना हुआ है। इस बार भाजपा का नारा 400 पार है तथा हिमाचल प्रदेश में जितने भी सर्वेक्षण आ रहे हैं उनमें भाजपा 4 सीटों पर विजयी हो रही है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस में बड़ी विचित्र स्थिति पैदा हो गई है। कांग्रेसी चुनाव लड़ने से कन्नी काट रहे हैं।
भोरंज का युवा संकल्प कार्यक्रम शम्मू ताल में हुआ है। इसमें स्थानीय विधायक ने भाजपा की प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार के विकास कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। वहीं, सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में शुरू की गई सांसद मोबाइल योजना, खेल महाकुंभ आदि के बारे में बताया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से फिर आशीर्वाद के रूप में भारी मतदान भाजपा के पक्ष में करने का आह्वान किया।
इस मौके पर हमीरपुर के प्रभारी प्रवीण शर्मा, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान, जिला अध्यक्ष अभयवीर लवली सहित भाजयुमो और अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, दोपहर बाद बड़सर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजयुमो के कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष संजीव कुमार, महासचिव भाजपा चतर सिंह, प्रेस सचिव रमेश शर्मा, अश्विनी शर्मा, सुभाष, यशपाल सहित अन्य मौजूद रहे।