नादौन (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों की नादौन इकाई की बैठक यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष यशपाल की अध्यक्षता में बिजली मंडल नादौन के प्रांगण में हुई। इसमें कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में रोष व्यक्त किया गया कि ज्वालामुखी में मेंटेनेंस में कार्यरत कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन से महरूम रखते हुए मात्र 4399 रुपये की अदायगी की जा रही है और कई कर्मचारियों का ईपीएफ नंबर तक अलाट नहीं हुआ है। इस दौरान कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष की अगुवाई में वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता विद्युत मंडल नादौन से मिला।
वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता ने शीघ्र ही समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया है। यशपाल ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी नीति की मांग को लेकर 13 फरवरी को विधानसभा के बाहर किए जा रहे प्रदर्शन में नादौन से अधिकांश कर्मचारी हिस्सा लेंगे। बैठक में आम सहमति के साथ नादौन में आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन की इकाई का गठन भी किया गया। जिसमें मिंटू कुमार को इकाई का प्रधान, मनोज कुमार को इकाई सचिव, मनोज को कोषाध्यक्ष, दीपक शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, गुलशन सिंह, विनोद कुमार और यशपाल को उपाध्यक्ष, संजीव कुमार को संयुक्त सचिव और अरुण कुमार को संगठन सचिव नियुक्त किया गया।