हमीरपुर। सीटू राज्य कमेटी के सदस्य एवं जनवादी नौजवान सभा (डीवाइएफआई) के राज्य अध्यक्ष अनिल मनकोटिया ने भाजपा नेताओं पर मजदूरों को मिलने वाले वाशिंग मशीनों व इंडक्शन चूल्हों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने के आरोप लगाए हैं।
मनकोटिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव में महज एक वर्ष बाकी है। इसलिए वोट बैंक के लिए सांसद मजदूरों के सामने गढ़ियाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने मनरेगा का बजट कम कर दिया तो सांसद अनुराग ठाकुर ने इसके खिलाफ एक शब्द नहीं कहा।
उन्होंने कहा कि फरवरी 2017 से पहले महज 50 दिन काम करने वाला मनरेगा मजदूर कल्याण बोर्ड का सदस्य बन जाता था। लेकिन, मोदी सरकार ने इसे 90 दिन कर दिया। इससे हजारों मजदूर कल्याण बोर्ड का सदस्य नहीं बन पाए। सांसद उल्टा मजदूरों को गुमराह कर अपनी ओछी राजनीति कर रहे हैं। वामपंथी शासित राज्य केरल की तर्ज पर मनरेगा मजदूरी 179 रुपये से बढ़ाकर 350 रुपये करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर यह मांगें पूरी नहीं हुईं तो ब्लॉक और पंचायत स्तर पर आंदोलन तेज करेंगे।