सुजानपुर (हमीरपुर)। कांग्रेस पार्टी से निष्कासित ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी ने भाजपा से हाथ मिला लिया है। कांग्रेस नेता के भाजपा में शामिल होने से सुजानपुर में भाजपा और मजबूत हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी को पार्टी विरोधी कार्यों के आरोप में बाहर का रास्ता दिखाया गया था। हालांकि निष्कासित कांग्रेस पदाधिकारी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण नहीं की है। सुजानपुर विस से दो कांग्रेस पदाधिकारियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
निष्कासित पूर्व ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता भूपेंद्र धीमान बॉबी गत दिन पटलांदर में सांसद अनुराग ठाकुर के कार्यक्रम में पहुंचे थे। धीमान पर विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ कार्य करने का आरोप लगता रहा है। भूपेंद्र धीमान कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता थे, वहीं वर्तमान में उनकी धर्मपत्नी ब्लॉक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष है। इस संबंध में भूपेंद्र धीमान का कहना है कि वह भाजपा का साथ देंगे और कांग्रेस के खिलाफ कार्य करेंगे। उधर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला हो सकता है।