नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे के वार्ड-तीन, चार और पांच की गलियों की मरम्मत न होने से इस क्षेत्र के लोग ठोकरें खाने को मजबूर हैं। बारिश के दौरान इन वार्डों की गलियों में बने गड्ढों में पानी भर जाता है और लोगों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इन वार्डों के लोगों का कहना है कि नगर पंचायत ने वर्षों पहले इन गलियों में पेवर टाइलें लगाने का आश्वासन लोगों को दिया था, परंतु यह वायदे केवल आश्वासनों तक ही सीमित होकर रह गए।
एनएच-80 से एसडीएम कार्यालय को जाने वाली सड़क पर शनिदेव मंदिर के पास सड़क के बीचों-बीच बहने वाली नाली पर तो कवर भी नहीं किया गया है। यहां दोपहिया वाहन चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को जोर का जंप लगता है। इससे हादसे होने का अंदेशा बना हुआ है। वहीं, जैन चौक पर तो सड़क की हालत खस्ता है। लोग इस समस्या को वार्ड पार्षदों, नगर पंचायत अध्यक्ष व सचिव के समक्ष भी रख चुके हैं, लेकिन गलियों की मरम्मत नहीं हो पाई है। नगर पंचायत अध्यक्ष रीना देवी ने कहा कि चुनाव आचार संहिता के बाद होने वाली नगर पंचायत की बैठक में समस्या को रखकर हल किया जाएगा।