डिडवीं टिक्कर(हमीरपथर)। पेयजल योजना भोटा, रोपड़ी, उझाण पंजारड़ में पानी की किल्लत चल रही है। पानी की कमी के कारण क्षेत्र के कई गांवों को पानी की आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है। इस क्षेत्र के ग्रामीणों को अभी कुछ और समय के लिए पानी की किल्लत से जूझना पड़ेगा। क्षेत्र में दूसरे चौथे दिन ही पानी की सप्लाई हो पा रही है। कुणाह खड्ड के जलस्तर में 65 फीसदी कमी के कारण पेयजल योजना को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
इस कारण लोगों के परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विभाग ने लोगों से समस्या के चलते हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाने की अपील की है। विभाग ने इन क्षेत्रों में रोटेशन के आधार पर पानी की सप्लाई करने का निर्णय लिया है। भीषण गर्मी में पानी के घटते जलस्तर के कारण क्षेत्र में पानी की किल्लत हुई है। अधिशासी अभियंता सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग भोटा शशि कांत शर्मा ने लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग इस दौरान हैंडपंपों और प्राकृतिक पेयजल स्रोतों का सहारा लें। विभाग जल्द ही कुणाह खड्ड में कामर्शियल बोर करवाएगा ताकि लोगों को पानी की किल्लत से निजात दिलाई जा सके। उन्होंने लोगों से पेयजल को बर्बाद न करने की अपील की है।