बिझड़ी (हमीरपुर)। गर्मियों में पेयजल किल्लत और पानी की बर्बादी रोकने के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। विभाग ने रविवार को सोहारी पंचायत में औचक निरीक्षण कर 4 पेयजल कनेक्शन काटे हैं। विभाग ने गांव में छापामारी कर पेयजल को सिंचाई और भवन निर्माण के लिए उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की है।
इसके अलावा पंचायत में एक व्यक्ति ने जल संरक्षण टैंक को नल से पाइप लगाई थी। इस पर उसका कनेक्शन भी काटा गया। विभाग की टीम गांवों में जाकर पानी का दुरुपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रही है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता सुशील कुमार का कहना है कि सोहारी में पानी का दुरुपयोग करने पर 4 उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पानी का दुरुपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा।