हमीरपुर। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में पैलिएटिव केयर सेवाएं फरवरी माह से शुरू हो जाएंगी। इसके तहत कैंसर के अंतिम स्टेज पर पहुंचे मरीजों को दर्द से राहत देने के लिए ट्रीटमेंट दिया जाएगा। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में कैंसर के 350 पंजीकृत मरीज हैं। वहीं रोजाना 15 से 20 मरीजों की कीमोथैरेपी क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में होती है। अस्पताल में कई मरीज ऐसे है जो कैंसर की अंतिम स्टेज पर है और उनसे कैंसर का दर्द सहन नहीं होता है। ऐसे मरीजों के लिए अस्पताल में पैलिएटिव केयर सेवाएं शुरू होंगी। इन सेवाओं के शुरू होने के बाद मरीजों को दर्द से राहत दिलवाने के लिए ट्रीटमेंट दिया जाएगा।
इन सेवाओं के शुरू होने से पहले क्षेत्रीय अस्पताल के कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा की त्रिवेंद्रम में दो सप्ताह की ट्रेनिंग होगी। इस ट्रेनिंग के दौरान वह पैलिएटिव केयर से संबंधित विभिन्न जानकारियां हासिल करेंगे। चिकित्सक की यह ट्रेनिंग 17 से 31 जनवरी तक होगी। 31 जनवरी को ट्रेनिंग खत्म होने के बाद चिकित्सक फरवरी माह के पहले सप्ताह में अस्पताल लौटेंगे और यह सेवाएं शुरू होंगी। इन सेवाओं के शुरू हो जाने से कैंसर की अंतिम स्टेज पर पहुंचे मरीजों को दर्द से राहत मिलेगी। उधर, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का कहना है कि फरवरी माह के पहले सप्ताह से क्षेत्रीय अस्पताल में पैलिएटिव केयर सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इसके लिए वह पहले त्रिवेंद्रम में दो सप्ताह की ट्रेनिंग के लिए जाएंगे। अंतिम स्टेज पर पहुंचे कैंसर के मरीजों को इन सेवाओं के शुरू होने से भयंकर दर्द से राहत मिलेगी।