अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की एक पंचायत की युवती ने शनिवार सुबह गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस कारण युवती की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे नादौन अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। युवती को शनिवार सुबह पेट दर्द की शिकायत हुई।
इस दौरान उसने दवाई की जगह किसी जहरीली वस्तु का गलती से सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे तुरंत नादौन अस्पताल ले आए। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद युवती को टांडा रेफर कर दिया गया। नादौन अस्पताल के चिकित्सक बीएस राणा ने बताया कि युवती की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी नादौन सतीश शर्मा का कहना है कि इसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। उनके पास कोई शिकायत आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।