हमीरपुर। सांसद स्टार खेल महाकुंभ हमीरपुर के ग्रैंड फिनाले का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ धमाकेदार आगाज वीरवार को राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर के मैदान में हुआ। खेल महाकुंभ की स्टार नाइट को यादगार बनाते हुए पंजाबी गायक शैरी मान ने लाके तीन पैग बलिये., मैंनू इक दिन लेई होस्टल वाला कमरा दे दयो जी.., मैं केड़ा नौकर लगी आं.., यार अनमुल्ले हवा दे बुल्ले, कसूती डिग्री यार जिग्री.. आदि गानों से लोगों का मनोरंजन किया। शैरी मान के गानों पर जिले के लोग खूब थिरके।
खेल महाकुंभ में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक कमलेश कुमारी, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, विजयपाल सोहारू, नरेंद्र अत्री, विकास शर्मा, विशाल पठानिया और अंकुश दत्त शर्मा समेत अन्य भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह को सफल बनाने के लिए सुबह से ही तैयारियां जोरों शोरों से चली हुई थीं।
खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए खेल महाकुंभ में 20 लाख की इनामी राशि और भविष्य में चुनी हुई प्रतिभाओं (खिलाड़ियों) को निखारने के लिए 1 करोड़ का प्रावधान सांसद अनुराग ठाकुर की तरफ से किया गया है। संसदीय क्षेत्र स्तर पर क्रिकेट की विजेता टीम को 1 लाख, प्रथम रनरअप को 50 हजार, सेकेंड और थर्ड रनरअप को 21-21 हजार रुपये दिए जाएंगे। वॉलीबाल, फुटबॉल, कबड्डी, बास्केटबाल की विजेता टीमों को 51 हजार रुपये, प्रथम रनरअप को 31 हजार और सेकेंड तथा थर्ड रनरअप को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। उधर, दिन को हुए बास्केटबाल के फाइनल मुकाबले में टौणीदेवी ने घुमारवीं को हराया, जबकि चंद्र कुमार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे।