बिझड़ी(हमीरपुर)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत मैहरे से घोड़ी धबीरी वाया बिझड़ी सड़क का विस्तारीकरण कार्य शुरू हो गया है। 14 करोड़ से 27 किलोमीटर लंबा सफर चकाचक होगा। वाहन चालकों को अब परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। विस्तारीकरण के दौरान इस सड़क की चौड़ाई जगह की उपलब्धता मुताबिक 3 मीटर से बढ़ाकर 8 मीटर तक की जानी है। इसके अलावा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था के लिए पुलियों और नालियों का निर्माण, नए सिरे से सोलिंग और टारिंग का कार्य भी किया जाना है।
बता दें कि इस सड़क का इस्तेमाल 12 पंचायतों के हजारों लोग करते हैं, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत दयनीय हो चुकी है। जगह-जगह पर पड़े गड्ढे, सड़क पर बहता गंदा पानी और संकरा होने के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं। योजना के तहत अब इस सड़क की हालत सुधरेगी। सड़क की हालत सुधरने से वाहन चालकों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग बड़सर मंडल के अधिशासी अभियंता प्रमोद कश्यप ने कहा कि 14 करोड़ की लागत से मैहरे-घोड़ी धबीरी वाया बिझड़ी सड़क का विस्तारीकरण किया जा रहा है।